सम्पूर्ण समाधान दिवस पर 132 शिकायतों में से 12 का निस्तारण मौके पर ।
सीतापुर: जनता की शिकायतों एवं समस्याओें को स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से शासन के निर्देशानुसार तहसील महमूदाबाद में शनिवार को जिलाधिकारी अनुज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चन्द्रभान की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान उन्होंने सभी शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को एक-एक करके सुना एवं उनके प्रभावी निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने जोर देकर कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभागाध्यक्ष कार्यवाही करते हुये शिकायतों को तय समय मेें निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे वह डिफाल्टर न होने पाये। उन्होंने कहा कि जो भी प्रकरण सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरान्त आते हैं उस पर संबंधित अधिकारी आख्या प्रस्तुत करते हुये यह सुनिश्चित कर लें कि प्रकरण की जांच करने कोई वहां पर पहुंचा है या नहीं। शिकायतकर्ता के प्रकरण को निस्तारित करने का पूरा प्रयास संबंधित अधिकारी करें। पूर्व में आयी शिकायतों का निस्तारण की स्थिति हेतु शिकायकर्ता से फोन पर वार्ता कर निस्तारण की स्थिति के बारे में जानकारी ली जाये । आई0जी0आर0एस0, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आदि माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाये।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चन्द्रभान ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनकर उनके प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिये। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर नेहा मिश्रा, उपजिलाधिकारी महमूदाबाद मिथलेश कुमार त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 मधु गैरोला, तहसीलदार महमूदाबाद, क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद, जिला विकास अधिकारी हरिशचन्द्र प्रजापति, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
तहसील महमूदाबाद में सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर कुल 132 शिकायतों में से 12 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इसी प्रकार से जनपद की अन्य तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में तहसील सिधौली में प्राप्त 99 प्रार्थना पत्रों में से 07, तहसील लहरपुर में प्राप्त 45 प्रार्थना पत्रों में से 04, तहसील महोली में प्राप्त 55 प्रार्थना पत्रों में से 01, तहसील मिश्रिख में प्राप्त 41 प्रार्थना पत्रों में से 03, तहसील सदर में प्राप्त 72 प्रार्थना पत्रों में से 04, तहसील बिसवां में प्राप्त 93 प्रार्थना-पत्रों में से 05 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष बची हुयी शिकायतों को पृष्ठांकित कर निर्धारित समयावधि के अन्दर संबंधित अधिकारी को निस्तारित करने के निर्देश दिये गये।
