लखीमपुर खीरी: बुधवार को लोकतंत्र के महापर्व खीरी की सभी आठ विधानसभाओं में उत्साह, उल्लास व उमंग से मना। जिले के सभी 1645 मतदान केंद्र, 3173 मतदेय स्थल पर नियत समय सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। पूरे मतदान समयावधि में मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला मजिस्ट्रेट महेंद्र बहादुर सिंह ने पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के साथ भ्रमणसील रहकर जिला मुख्यालय के सभी मतदेय स्थलों, ईसानगर, खीरी टाउन, ओयल समेत ग्रामीण इलाकों के पोलिंग बूथो पर पहुंचकर मतदाताओं का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने मतदेय स्थलों में मौजूद एवं तैनात पुलिस बल को जरूरी निर्देश दिए।
डीएम-एसपी ने मतदान अवधि में भ्रमणशील रहकर प्राथमिक विद्यालय नोरंगाबाद, परिषदीय विद्यालय सदर, राजकीय इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, पोलिंग बूथ में मिदनिया, खीरी टाउन व ओयल, ईसानगर के कई पोलिंग बूथ देखे। डीएम-एसपी ने कादीपुरसानी पोलिंग बूथ भी देखा। वही भारत निर्वाचन आयोग से सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामित प्रेक्षकगणों ने भी अपने क्षेत्रों में भ्रमण करके बूथों पर चल रही मतदान प्रक्रिया देखी। डिप्टी डीईओ/ एडीएम संजय कुमार सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने भ्रमणशील रहकर मतदेय स्थलों का जायजा लेते रहे।
