सीतापुर: आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी, सीतापुर के निर्देशों के क्रम में जनपद सीतापुर में स्वीप कार्यक्रम के अन्तर्गत मतदाता जागरूकता अभियान को बढावा देने के लिए राजकीय इण्टर कालेज, सीतापुर प्रांगण से एक वृहद रैली निकाली गयी, जिसमे जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों, इण्टर कालेजों, विद्यालयों के लगभग 700 छात्र-छात्राएं तथा उनके साथ विद्यालयों का स्टाफ सम्मिलित हुआ।

मतदाता जागरूकता रैली को रवाना करने से पूर्व विशाल भारद्धाज, जिलाधिकारी सीतापुर द्वारा सभी को मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई गयी। जिलाधिकारी द्वारा सभी से आहृवान किया गया कि वह बढ़-चढकर मतदान के इस महापर्व में भागीदार बने, स्वयं वोट करें, अपने अभिभावक, परिवार जनों के साथ ही आस-पास के सभी मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करे।

अजीत कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सीतापुर जो जनपद में संचालित स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी भी है उनके द्वारा जिलाधिकारी को कैप व स्वीप लोगो छपा हुआ मास्क भेट किया गया एवं मतदान करने हेतु संकल्प सूत्र उनके हाथ पर बांधा गया। इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर मतदाता जागरूकता रैली को रवाना किया गया जो कि शहर के विभिन्न चौराहों, मोहल्लों से गुजरते हुए राजकीय इण्टर कालेज प्रांगण में समाप्त हुयी। रैली में छात्र-छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता से सम्बन्धित पोस्टर, स्लोगन प्रदर्शित किये गये एवं मतदाता जागरूकता सम्बन्धित नारे लगाये गये तथा जनमानस को 23 फरवरी 2022 को मतदान करने हेतु जागरूक किया गया। राजकीय इण्टर कालेज के मैदान में सभी के द्वारा मानव श्रंखला का निर्माण किया गया, सेल्फी प्वांइट पर सेल्फी ली गयी तथा एक दूसरे को संकल्प सूत्र बांधकर 23 फरवरी 2022 को मतदान आवश्य करने हेतु संकल्प बद्ध किया गया।
इस अवसर पर अनुप कुमार, प्रधानाचार्य, राजकीय इण्टर कालेज सीतापुर, नरेन्द्र कुमार सिंह उप प्रधानाचार्य, राजकीय इण्टर कालेज, सीतापुर, राज शर्मा जिला व्यायाम शिक्षक, सीतापुर, कम्पनी कमांडर खान शादाब जमीर, रैली में प्रतिभाग करने वाले विद्यालयों के अध्यापक-अध्यापिका, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, शारीरिक शिक्षा अनुदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कर्मचारियों आदि द्वारा रैली में सराहनीय सहयोग प्रदान किया गया।
