प्रयागराज : जिले के बीएसए ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है जो अक्सर पुलिस विभाग में सुनने को मिलता है। पूरे थाना और चौकी के निलंबन की तरह बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पूरे विद्यालय के शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। सैदाबाद विकास खंड के मलेथुआ संविलियन विद्यालय के 23 शिक्षकों को कई कारणों पर जवाब देने के लिए कहा गया है। बीएसए की इस नोटिस के साथ यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि एबीएसए की 5 सदस्यीय कमेटी ने सैदाबाद विकासखंड के आरोपी एबीएसए को बचाने का रास्ता निकाल लिया है। वजह, इस नोटिस में दलित महिला शिक्षिका से एबीएसए का विवाद हुआ था, लेकिन एबीएसए का कोई जिक्र इस नोटिस में नहीं है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी के कारण बताओ नोटिस में 8 बिंदुओं को बनाया गया है जिन पर शिक्षकों को एक सप्ताह में जवाब देना है। इसमें विद्यालय के कार्मिकों में गुटबाजी कराया जाना और स्वयं गुटबाजी में शामिल होना, विद्यालय में अव्यवस्था फैलाने दोषी पाया जाना, पठन-पाठन का माहौल दूषित किए जाने और बेसलाइन का कार्य न किए जाने का दोषी पाया जाना, बच्चों का शैक्षिक स्तर कक्षा के अनुरूप ना पाए जाना, उपचारात्मक कक्षाएं संचालित ना किए जाने, पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही भरता जाना और अध्यापक सेवा नियमावली के विरुद्ध कार्य किए जाने का दोषी पाए जाने का आरोप लगाया गया है।
