सरकारी मदद के लिए डीएम से मिलने आयी फरियादी आरती के बच्चों को डीएम ने दुलारा

डीएम ने फरियादी को निराश्रित महिला पेंशन, कोविड अनुग्रह राशि, बच्चों को सीएम बाल सेवा योजना का लाभ देने के दिए निर्देश

लखीमपुर खीरी: प्रतिदिन की भांति शुक्रवार को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह का कलेक्ट्रेट स्थित उनके कार्यालय में जनता दर्शन कार्यक्रम चल रहा था, इस दौरान करीब 11 बजे ग्राम बड़ागांव बडेरा से फरियादी आरती तिवारी पहुंची।

डीएम महेंद्र बहादुर सिंह के समक्ष फरियादी आरती तिवारी ने बताया कि उनके पति की कोविड संक्रमण से गत 23 अप्रैल 2021 को मृत्यु हो गई थी, उन्हें अबतक कोई सरकारी सहायता नहीं मिली। डीएम ने फ़ौरन अधिकारी-कर्मचारी को बुलवाया। डीएम ने जिला प्रोवेशन अधिकारी संजय कुमार निगम को फरियादी के उनके दोनों बच्चे (07 वर्षीय नमन व 11 वर्षीय पायल) को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से लाभान्वित व पत्नी आरती को निराश्रित महिला पेंशन का त्वरित लाभ प्रदान करने हेतु अपेक्षित कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। आपदा लिपिक रामनरेश ने बताया कि कोविड अनुग्रह राशि का आवेदन प्रक्रियाधीन है, जिसपर डीएम ने निर्देश दिए कि दो दिन के भीतर प्रक्रिया पूरी करके अनुग्रह राशि प्रदान की जाए।

इस दौरान डीएम ने फरियादी के दोनों बच्चों को न केवल दुलारा बल्कि चॉकलेट एवं नगद धनराशि देकर हर संभव मदद देने के लिए आश्वस्त किया।

Leave a comment