मतदाता जागरूकता अभियान के अन्तर्गत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन व युवा मतदाताओं को अधिकाधिक पंजीकरण कराने के लिये किया गया प्रेरित

सीतापुर: मानसिक चेतना व जागरूकता ही सामाजिक परिवर्तन का आधार होता है, नुक्कड़ नाटक एक ऐसा सामाजिक आइना है जो कि सरल व सहज रूप से बोधगम्य है। उक्त बातें मतदाता जागरूकता अभियान के अन्तर्गत महाविद्यालय द्वारा आयोजित नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति के दौरान प्राचार्य प्रो० रजनी कान्त श्रीवास्तव ने कही। प्राचार्य ने कहा कि यह नुक्कड़ नाटक आम जन व युवा मतदाताओं को अधिकाधिक पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित करेगा।


ज्ञातव्य हो कि मतदाता जागरूकता अभियान का उद्देश्य युवा पीढ़ी व नये वोटरों को सघन रूप से मतदाता सूची में जोड़ना अर्थात वोटर प्रतिशतता में वृद्धि करना तथा मतदाता जागरूकता फैलाना है। जिसके अन्तर्गत यह नुक्कड़ नाटक महाविद्यालय के एनएसएस इकाईयों द्वारा नगर के मुख्य लालबाग चौराहा सीतापुर एवं जिलाधिकारी कार्यालय के निकट प्रस्तुत किया गया। जिसमें जिला निर्वाचन कार्यालय की तरफ से जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी शिखा श्रीवास्तव, एनएसएस प्रभारी डॉ० शालिनी साहनी व डॉ० विजय प्रकाश के विशेष मार्गदर्शन व निर्देशन में किया गया। मतदाता जागरूकता अभियान में डॉ जयवीर सिंह, डॉ० अजीत यादव, डॉ देवब्रत सिंह, डॉ0 प्रदीप कुमार व डॉ० अर्चना सिंह तथा यातायात पुलिस का विशेष योगदान रहा। नगर के मुख्य चौराहे लालबाग पर आयोजित इस नुक्कड़ नाटक को देखने हेतु सैकड़ों की संख्या में नागरिक व आम जन उपस्थित रहे। प्राचार्य ने नाटक के व्यवस्थित व सफल प्रस्तुति कराने हेतु सिटी मजिस्ट्रेट सीतापुर व उपजिलाधिकारी सदर के प्रति विशेष आभार ज्ञापित किया।

Leave a comment