भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
सीतापुर: केदारनाथ धाम में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा दर्शन, पूजन, आराधना व आदिगुरु श्री शंकराचार्य जी की मूर्ति के अनावरण से संबंधित कार्यक्रम का जनपद के प्रमुख शिवालयों में सजीव प्रसारण किया गया, जहां पर जनप्रतिनिधिगणों, श्रद्धालुगणों व आम जनमानस ने प्रधानमंत्री जी के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखा। शिवालय परिसरों में भजन, कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
श्री केदारनाथ धाम की भव्यता का नया आयाम देने वाले इस कार्यक्रम के दौरान आदिगुरु श्री शंकराचार्य जी की समाधि व प्रतिमा का लोकार्पण कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के दौरान उपस्थित रहे जनप्रतिनिधियों ने कहा भारतीय संस्कृति के आयामों को नया स्थान देने का कार्य केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा निरंतर किया जा रहा है। दीपावली के अवसर पर अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। केदारनाथ में आदिगुरु शंकराचार्य जी की विशाल प्रतिमा का लोकार्पण आज माननीय प्रधानमंत्री जी ने किया, जिसका जनपद के प्रमुख शिवालयों में बहुत ही भव्यता के साथ सजीव प्रसारण किया गया।
सांसद राजेश वर्मा ने लहरपुर विधानसभा स्थित रत्नगंज शिवमंदिर पर जलाभिषेक किया, बिसवां के पत्थर शिवाला मंदिर में विधायक बिसवां महेंद्र सिंह यादव ने पूजन करने के उपरांत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगणों, श्रद्धालुगणों व आम जनमानस के साथ सजीव प्रसारण देखा l
इस अवसर पर भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें भजन, कीर्तन ,संगीत आदि का मनमोहक प्रस्तुतीकरण कलाकारों द्वारा किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों एवं अन्य स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किये गए कार्यक्रमों ने सभी को भक्तिभाव से परिपूर्ण कर दिया। कार्यक्रम स्थल जयकारों से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रमों का आयोजन भव्यता व दिव्यता के साथ संपन्न हुआ। जनप्रतिनिधिगणों, श्रद्धालुगणों व आम जनमानस ने शिवालयों में पूजन अर्चन कर भगवान भोलेनाथ से सभी की सुख, शांति, समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।



