लौह पुरुष की 146वीं जयंती पर डीएम विशाल भरद्वाज ने सभी अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलायी।

सीतापुर: राष्ट्रीय एकीकरण के शिल्पकार सरदार बल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में पूर्ण उत्साह, उमंग एवं कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के अन्तर्गत मनाया गाया। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह के दौरान सभी अधिकारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलायी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले 06 वर्षों से प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर का पावन दिवस न केवल राष्ट्रीय एकीकरण के शिल्पकार सरदार पटेल की जयंती के रूप मे बल्कि राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में भी पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। यह भारत की सुरक्षा, एकता और अखंण्डता को मजबूत करने एवं अक्षुण्ण बनाये रखने की अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करने का एक उत्तम अवसर है।

जिलाधिकारी ने सभी को शपथ दिलायी कि ‘‘मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाये रखने के लिये स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं जिसे सरदार बल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूं।‘‘

कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक हरिशंकर लाल शुक्ला, नगर मजिस्ट्रेट पूजा मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a comment