रैली निकालकर किया संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान की शुरुआत

सीतापुर: जिले में एक माह तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारम्भ मंगलवार को जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने किया | इस अवसर पर उन्होंने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को भी रवाना किया !

जिलाधिकारी ने कहा- संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने में सभी विभागों को सहयोग करना चाहिए |
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मधु गैरोला ने कहा- लोगों को जागरूक करने में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है | वह अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें कि संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया से बचाव हम सावधानी बरतकर कर सकते हैं | लोगों को व्यक्तिगत साफ सफाई, घर व आस –पास तथा अपने गाँव की सफाई के लिए प्रेरित करें |


मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा – आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचेंगी और लोगों को जागरूक बनाने के साथ ही सर्दी-जुकाम-बुखार से पीड़ित लोगों की, टीबी के लक्षण वालों की और कुपोषित बच्चों की सूची तैयार करने के साथ ही कोविड टीकाकरण के लिए भी लोगों को प्रेरित करेंगी ।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी से अपील की कि बुखार होने पर खुद से कोई इलाज न करें, जिसे हम साधारण बुखार समझते हैं वह दिमागी बुखार या कोई अन्य बुखार भी हो सकता है | इसलिए बुखार होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर प्रशिक्षित चिकित्सक से इलाज कराएं | इसमें देरी भारी पड़ सकती है |


साथ ही उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि अपने घरों व आस-पास साफ़-सफाई का पूरा ख्याल रखें । कूलर का पानी नियमित रूप से बदलते रहें, इस्तेमाल के पानी को ढककर ही रखें, छत पर पड़े अनुपयोगी सामानों में पानी न जमा होने दें ।
अभियान के मौके पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचारी रोगों पर जागरूकता के लिए एक रैली भी निकाली गई । ज़िले में फॉगिंग व लार्वासाइडल का छिड़काव भी किया गया । ज्ञात हो कि जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 19 अक्टूबर से 17 नवम्बर तक चलाया जाएगा व दस्तक अभियान 19 अक्टूबर से एक नवंबर तक चलाया जाएगा ।


इस मौके पर राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. सुरेन्द्र सिंह , जिला मलेरिया अधिकारी अनिल मिश्रा, जिला एपीडेमिओलॉजिस्ट डा. विवेक सचान, यूनिसेफ़ और पाथ के प्रतिनिधि सहित स्वास्थ्य विभाग व अन्य विभागों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे |

Leave a comment