जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न विभागों के समन्वय से लगवाये जायें स्टाल – अक्षत वर्मा

सीतापुर: मुख्य विकास अधिकारी अक्षत वर्मा की अध्यक्षता में विकास भवन में मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2021-22 में जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु गठित आयोजन समिति की बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद स्तरीय एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में एजेण्डा बिन्दुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की एवं निर्देश दिये कि कार्यक्रम के आयोजन से पूर्व समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली जायें तथा आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाये। मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी निर्देश दिये कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न विभागों के समन्वय से स्टाल भी लगवाये जायें।


जिला युवा कल्याण अधिकारी विष्णु पाल ने बताया कि युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वाधान में जनपद स्तरीय एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 28-11-2021 को हिन्दू कन्या महाविद्यालय, सीतापुर के सभागार में आयोजित की जा रही है। उक्त जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में लोकनृत्य, लोकगीत, एकान्की, क्लासिकल वोकल (हिन्दुस्तानी) तथा एकल वादन एवं एक्सटम्पोर आदि की प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी है। प्रतिभाग करने की आयु सीमा 15-29 वर्ष तथा इस जनपद का मूल निवासी होना आवश्यक है।


उन्होंने अनुरोध किया है कि इच्छुक संस्थायें/विद्यालय/ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभागी अपना बायोडाटा/आवेदन पत्र दिनांक 24-11-2021 को सायं 3.00 बजे तक जिला युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष सं0-120 विकास भवन, सीतापुर अथवा कार्यालय की ई-मेल doprdsitapur@gmail.com पर उपलब्ध कराने का कष्ट करें, प्रतिभागी अपने साथ आयु सम्बन्धित प्रमाण-पत्र/वाद्य यन्त्रों के साथ उक्त निर्धारित तिथि को आयोजन स्थल पर प्रातः 9.30 बजे उपस्थित हो। जनपद स्तर पर विजयी प्रमितभागियों द्वारा मण्डल स्तर पर प्रतिभाग, मण्डल स्तर पर विजयी प्रतिभागियों द्वारा जोन स्तर, जोन स्तर पर विजयी प्रतिभागियों द्वारा राज्य स्तर पर तथा राज्य स्तर पर विजयी प्रतिभागियों द्वारा उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्र स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया जाएगा।


बैठक के दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी विष्णु पाल, जिला युवा अधिकारी नेहरू युवा केन्द्र रोशनी पटवा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment