चार्ज सम्भालने के बाद बोले बीईओ- शिक्षको के सहयोग से क्वालिटी एजुकेशन होगी प्राथमिकता।
जरवल रोड (बहराईच) : गुरुवार को जनपद के विकासखंड जरवल स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र जरवल रोड में नवनियुक्त खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। मौके पर कार्यालय में मौजूद स्टाफ व शिक्षकों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
कार्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा 23 मार्च को निर्गत आदेश में जिले को मिले 03 नए बीईओ को उनके कार्यक्षेत्र का आवंटन कर दिया गया था। उक्त आदेश के अनुपालन में जरवल रोड स्थित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे श्री सिंह ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। चार्ज संभालने के बाद मौजूद स्टाफ व उपस्थित शिक्षकों से उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक अपने दायित्व को अच्छी तरह समझते हैं, बस ईमानदारी से हमेशा उसका निर्वहन करें। एक अधिकारी होने के नाते वे स्वयं भी सदैव उनके लिए सहयोगात्मक रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने शिक्षको से बच्चों की पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ शासन एवं कार्यालय द्वारा निर्गत आदेशों के अनुपालन में टीम वर्क की तरह मिलकर काम करने की अपेक्षा जताई। नवांगतुक अधिकारी के आगमन पर कार्यालय सहायक पवन कुमार, जयप्रकाश यादव, कमलेन्द्र त्रिपाठी, शिक्षक खलिकुज्ज्मा, फरीद अहमद, कम्प्यूटर आपरेटर चंदन निगम, समेत ब्लॉक के शिक्षको ने खुशी जताई है।

