कच्ची शराब के लिए विख्यात गांव अब हुआ ‘लॉक’, पियक्कड़ों की बढ़ रही थी भीड़

 

हरचंदपुर थानाक्षेत्र के नयापुरवा मजरे कठवारा गांव में खूब बनती है कच्ची शराब।

रायबरेली: जिले में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में एकाकए इजाफा होने की वजह से सभी सहमे हुए हैं। गांव-गांव में आग की तरह जिले में मिले 43 मरीजों की बात फैलने के बाद ग्रामीणें ने अपनी सुरक्षा उठाने का जिम्मा स्वयं लिया है। अब गांव-गांव में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जा रही है। ऐसे की हरचंदपुर थाना क्षेत्र के नया पुरवा मजरे कठवारा गांव में भी बाहरी लोगों के आने पर रोक लगा दी गई है। कच्ची शराब के लिए विख्यात इस गांव में पियक्कड़ों की लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए शराब न बनाने वाले लोगों ने यह कदम उठाया है।

हरचंदपुर क्षेत्र के इस गांव में शराब का कारोबार घर-घर कुटीर उद्योग की तरह फैला हुआ है। इस समय लॉकडाउन की वजह से कच्ची शराब के ठेके बंद चल रहे हैं, जिसकी वजह से इस समय कच्ची शराब की बिक्री खूब बढ़ गई है। कच्ची शराब की बिक्री बढ़ने की वजह से इस समय उत्पादन खूब बढ़ गया है। नयापुरवा गांव में इस समय पियक्कड़ों की खूब भीड़ लग रही है, लेकिन इधर कोरोना के मरीज मिलने के बाद शराब न बनाने वाले लोगों ने आज गांव को लॉक कर दिया। पियक्कड़ों से परेशान हो चुके लोगों ने आज सुबह गांव के खड़जे पर बल्ली लगाकर बाहरी लोगों के आने पर रोक लगा दी। गांव को लॉक करने वाले लोगों ने बताया कि गांव में कच्ची शराब बनने की वजह से इस समय पियक्कड़ों की खूब भीड़ बढ़ गई हैं। हम लोग कच्ची शराब बिकना तो बंद नहीं करा सकते, इसलिए अब हम लोगों ने गांव को ही लॉक कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस को कच्ची शराब बनने के बारे में कई बार सूचना दी गई, लेकिन सब थाने से मिलीभगत होने की वजह से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

बीते दिनों छापेमारी के नाम पर हुई खानापूर्ति

हरचंदपुर थाना क्षेत्र में जिलाधिकारी के आदेश पर महज एक दिन की खानापूर्ति की गई। गांव में महज एक ही दिन छापेमारी की गई। जबकि इस समय देशी शराब के ठेके बंद होने की वजह से कच्ची शराब की भठ्ठियां खूब धधक रही है। पूरे क्षेत्र के कई गांवों में यह कारोबार फल-फूल रहा है। गांव में कच्ची शराब की डिमांड अधिक बढ़ने की वजह से इस समय गांव में इसका उत्पादन काफी कर दिया गया है। आबकारी विभाग से लेकर पुलिस तक सिर्फ छापेमारी के नाम पर खानापूर्ति कर रहे हैं।

कच्ची शराब के साथ एक को पकड़ा फिर छोड़ दिया

हरचंदपुर क्षेत्र के इस गांव में बीते दिनों जिलाधिकारी के आदेश पर छापेमारी की गई है। पुलिस को पूरे गांव में एक व्यक्ति ही कच्ची शराब के साथ मिला। जबकि इस गांव में घर-घर कच्ची शराब बनाई जाती है। पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ने के बाद उसका चालान करने के बजाय ले देकर मामला पूरा हल दिया। उस व्यक्ति को पुलिस ने छोड़ दिया। अगर इस गांव में पुलिस विधिवत छापेमारी करे, तो पुलिस को कच्ची शराब का जखीरा घर-घर मिल सकता है।

रिपोर्ट- प्रवेश यादव

Leave a comment