राहत शिविरों में औचक निरीक्षण में कमी मिलने पर होगी कड़ी कार्यवाही : अखिलेश तिवारी

जिलाधिकारी ने राहत शिविरों में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिये निर्देश

सीतापुर: जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी की अध्यक्षता में जिलाधिकारी शिविर कार्यालय में बुधवार की देर शाम एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने लॉकडाउन की समीक्षा करते हुई लॉक डाउन के दौरान लोगों के घरों बाहर निकलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं समबन्धित अधिकारी इसे गंभीरता से लेते हुये कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा अनावश्यक रूप से घूमते हुए पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही विधिक कार्यवाही की जाए। अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ लगाने वालों को चिन्हित किए जाने के साथ उनपर भी कार्यवाही की जाय। भर्ती मरीज के साथ केवल एक ही तीमारदार रुकने की अनुमति दी जाय एवं मुख्यचिकित्सा अधीक्षक इस प्रकार की व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने हेतु मरीज भर्ती करते समय ही पास जारी कराये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

राहत शिविरों का औचक निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश अपर जिलाधिकारी एवं नगर मजिस्ट्रेट को दिये। उन्होंने कहा कि राहत शिविरों के संचालन में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने अपर जिलाधिकारी और नगर मजिस्ट्रेट को कम्युनिटी किचेन, शेल्टर हाउस एवं राहत कैम्पों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। और राहत कैम्पों में पर्याप्त रसद, स्वच्छता, पानी, विद्युत के साथ जनरेटर का भी प्रबंध करने के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन किया जाय।

सीओ एवं एसडीएम को लॉकडाउन का कड़ाई से पालन कराये जाने के भी निर्देश दिये और कहा सुनिश्चित कराये कि लॉकडाउन में अनावश्यक घूमने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाए।

जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में भी अनावश्यक घूमते पाए जाने पर पुलिस को कार्यवाही करने तथा भर्ती मरीज के साथ केवल एक ही तीमारदार को रुकने की अनुमति के लिए सीएमएस को पास जारी करेंने को कहा।

गाँवों में सफाई व्यवस्था एवं क्वारंटिन में सहयोग न करने वाले प्रधानों को नोटिस जारी करने के भी जिलाधिकारी ने निर्देश दिए है।

बैठक के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक एल आर कुमार ने 112 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं लगभग 500 गांवों से फोन पर प्राप्त फीडबैक के विषय मे अवगत कराते हुये बताया कि कुछ गावों में फॉगिंग कराये जाने का अनुरोध जनता द्वारा किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम प्रधान स्वच्छता, फॉगिंग एवं एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाना सुनिश्चित करें एवं क्वारण्टीन में रखे गए लोगों की भी निगरानी करे की वह क्वारण्टीन का पालन कर रहे हैं अथवा नहीं। इसके अतिरिक्त लेखपाल, कानूनगो भी नियमित भ्रमण कर क्वारण्टीन में रखे गए लोगों की पुष्टि नियमित रूप से करें। उन्होंने कहा कि जिन ग्राम प्रधानों द्वारा लापरवाही की जा रही है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी किया जाय।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी संदीप कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आलोक वर्मा, अपर जिलाधिकारी विनय कुमार पाठक, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी एवं दक्षिणी, नगर मजिस्ट्रेट पूजा मिश्रा सहित समन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment