दहेज नारी जीवन की अस्मिता पर गंभीर प्रश्नचिह्न है- मिथलेश यदुवंशी

बिहार(जमुई)-भारतीय समाज के रंगमंच पर “दहेज”बहुत ही घिनौना अभिनय कर रही है।इस दहेज ने नारी जीवन की अस्मिता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।पहले यह प्रथा सहज और सात्विक थी,पर अब धीरे-धीरे इसमे बुराई का प्रवेश होता गया और आज यह पूरी सामाजिक व्यवस्था को तहस-नहस करने पर उतारू हो गया है। यह समाज के पतन का ही प्रमाण है कि आज कन्या की श्रेष्ठता उसके शील ,सौंदर्य और गुणों से नहीं बल्कि उसके माँ बाप के धन से आंकी जाती है ,जिसके कारण पारिवारिक और सामाजिक मर्यादाएं बिखर जाती है।

इसी संदर्भ में गिद्धौर प्रखंड के नयागांव निवासी लोक प्रसिद्ध गायक व फ़िल्म अभिनेता मिथलेश यदुवंशी ने दहेज के प्रति अपने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दहेज के चमक धमक में कन्या के गुण छुप जाते हैं ।इस दहेज ने ही भ्रूण हत्या जैसे हानिकारक असामाजिक तत्व को भी जन्म दिया है। यदि दहेज पर रोक लग जाये तो भ्रूण हत्या पर स्वयं रोक लग जायेगा।

गायक मिथलेश यदुवंशी ने कहा कि इस सामाजिक कलंक को दूर करने के लिए शिक्षित युवाओं एवं युवतियों को खुलकर आगे आना होगा । और सामाजिक सहयोग से मात्र एक रुपये से ही विवाह किया जा सकता है । श्री यदुवंशी ने यह भी कहा कि सरकार को भी इस दिशा में पहल कर जोर शोर से मुहिम चलाना चाहिए।दहेज प्रथा के अभिशाप से मुक्त होने के लिए युवाओं को दृढ़ संकल्पित होना होगा।तभी हम युवा एक दहेज मुक्त समाज का निर्माण कर भ्रूण हत्या पर भी विराम लगा सकेंगे।
गायक व फ़िल्म अभिनेता मिथलेश यदुवंशी ने बताया कि जमुई जिले के गिद्धौर प्रखंड की प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी भारती राज से मुलाकात कर दहेज प्रथा, बाल विवाह, भ्रूण हत्या ,आदि को लेकर गिद्धौर प्रखंड में एक मुहिम चलाकर लोगों को जागरूक करने का काम करेंगे।

Leave a comment