चीनी मिल जवाहरपुर मार्ग बना एक्सीडेंटल मार्ग, शादी की खुशियां गम में हुई तब्दील
रामकोट/सीतापुर। रामकोट थाना क्षेत्र मे स्थित डालमिया चीनी मिल जवाहरपुर मार्ग पर रामकोट कस्बे के बाहर नागेश्वर मंदिर के सामने ओवर लोड गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्राली व मोटरसाइकिल की भिड़ंत में मामा की मौत हो गई। जबकि भांजा गंभीर रूप से घायल अवस्था में उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मो. हारून (28) पुत्र सिराजुद्दीन निवासी अंबरपुर थाना अटरिया जिला सीतापुर अपने भांजे मो. तालीम (24) पुत्र मोहिसम निवासी बाबूपुर थाना कोतवाली महमूदाबाद जिला सीतापुर के साथ मोटरसाइकिल से चीनी मिल की तरफ किसी कार्य हेतु जा रहे थे। इस बीच पीछे से आ रही गन्ने से भरी ओवर लोड ट्रैक्टर-ट्राली तेज स्पीड के चलते अनियंत्रित होकर मोटरसाइकिल में ठोकर मार कर सड़क के किनारे पलट गई। बताते हैं कि ट्रैक्टर-ट्राली की स्पीड इतनी अधिक थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। सूचना पाकर घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल ले गई। जहां पर डॉक्टरों ने मामा मो. हारून को मृतक घोषित कर दिया। वहीं भांजे को गंभीर रूप से चोटें आई हैं। जिसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतक अपनी भाभी की बहन की शादी में रामकोट कस्बे में अली बख्श के वहां आया हुआ था। वारदात के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा। जब से डालमिया चीनी मिल जवाहरपुर के नए गन्ना पेराई सत्र का शुभारंभ हुआ है तब से आए दिन इस मार्ग पर दुर्घटनाएं हो रही हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि ऐसा लगता है कि डालमिया चीनी मिल जवाहरपुर के लिए इंसानों की जानों कि कोई कीमत नहीं है। गन्ने से भरी ओवर लोड ट्रालीयों को ओवर स्पीड से नहीं चलने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन भी लापरवाही लगातार बरत रहा है। वह चीनी मिल व वाहन चालकों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।

हादसों का सबब बना डालमिया चीनी मिल जवाहरपुर मार्ग, आए दिन हो रही मार्ग दुर्घटनाएं
रामकोट/सीतापुर। थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामकोट-चीनी मिल मार्ग पर दोनों पटरिया कटी पड़ी है। आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं में कई राहगीर चोटिल व कई काल के गाल में समा जा रहे हैं। पेराई सत्र शुरू होने से पूर्व प्रशासन व मिल अधिकारियों की संयुक्त बैठक मे यह निर्णय हुआ था कि मार्ग को दुरुस्त करा दिया जाएगा। लेकिन केवल कार्य कागजों तक ही सिमटकर रह गया है। हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। मार्ग का चौड़ीकरण व सुधारने हेतु कई बार कई समाजसेवी संस्थाओं ने आंदोलन पर धरना प्रदर्शन भी किया हुआ है। किंतु इन सब बातों से परे चीनी मिल प्रशासन चीनी मिल चलाने व गन्ने की ज्यादा से ज्यादा आमद को लेकर के ही परेशान हो रहा है। गन्ना पेराई सत्र शुरू हुए 15 दिन ही बीते हैं। अब तक की मार्ग दुर्घटनाओं पर नजर डालें तो दो मौत व पांच से अधिक व्यक्ति के घायल होने की सूचना मिली हुई है। यदि प्रशासन द्वारा कठोर कार्रवाई न की गई तो यकीनन चीनी मिल का गन्ना सत्र समाप्त होते-होते कई काफी व्यक्ति अपनी जान गवा चुके होंगे।

ट्राली पलटने से एक घायल
रामकोट/सीतापुर। डालमिया चीनी मिल जवाहरपुर मार्ग पर ट्रॉली में गन्ना भरने जा रहे ट्रैक्टर ट्राली की गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार हेतु सीतापुर जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार जवाहरपुर निवासी कौशल (45) पुत्र शंकरलाल खेत में गन्ना भरने के लिए ट्रेक्टर ट्रॉली लेकर जा रहा था। सड़क की पटरी कटे होने व ओवरटेक से बचाने हेतु ट्रैक्टर ट्राली सहित सड़क किनारे उतार रहा था। अचानक गहरी खाई में गिर पड़ा, ट्राली में बैठे तीन बच्चे ट्राली से कूद गए। ट्रैक्टर चालक कौशल ट्राली की चपेट में आ गया। जिसे गंभीर चोटों आई हैं। जिसका इलाज जिला चिकित्सालय इमरजेंसी में किया जा रहा है।
रिपोर्ट-रियासत अली सिद्दीकी
