मुख्य चौराहे पर गड्ढे में पलटा ई रिक्शा : बाल-बाल बचे यात्री

चौराहे के गड्ढो को लेकर लोकनिर्माण विभाग गंभीर नहीं

रियासत अली सिद्दीकी, रामकोट

रामकोट/सीतापुर। सीतापुर-हरदोई मुख्य मार्ग के रामकोट कस्बे के मुख्य चौराहे पे सड़क पर भरे पानी के बीच गड्ढे में ई रिक्शा पलटने से बाल-बाल बचे यात्री। आसपास के लोगों ने ई रिक्शा में फंसी सवारियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

यहां मुख्य चौराहे पर बने गहरे गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरा हुआ था। दोपहर को सीतापुर से वजीरनगर सवारियां लेकर जा रहा एक ई रिक्शा गहरे गड्ढे में फंसकर पलट गया। ई रिक्शा में सवार सवारियों को किसी तरह से निकाला गया।

कस्बेवासियों ने कहा कि अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी गड्ढों को नहीं भरा जा रहा है। सड़कों के निर्माण को लेकर लोकनिर्माण विभाग गंभीर नहीं दिख रहा है। कस्बे के मुख्य चौराहे से वाहनों के लिए फर्राटा भरना अब आसान नहीं रह गया है। इसकी वजह मुख्य चौराहे पर बने गहरे गड्ढे हैं। जहां बारिश का पानी अक्सर जम जाता है, उन जगहों की सड़क लगभग टूट चुकी है। वाहनों को इन जगहों पर हिचकोले खाने पड़ते हैं। बताया जाता है कि इन मार्गो पर सबसे ज्यादा परेशानी दो पहिये वाहन चालकों को होती है। लेकिन ऐसे चौराहों पर बने गड्ढे को भरने के लिए अधिकारी सक्रिय नहीं दिख रहे हैं।

Leave a comment