जवाहरपुर चीनी मिल में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा जयंती, हवन-पूजन के बाद प्रसाद हुआ वितरित

 

रियासत अली सिद्दीकी, रामकोट

रामकोट/सीतापुर। देवताओं के आदि शिल्पकार व कामगारों के इष्ट देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती मंगलवार को क्षेत्र में पारंपरिक श्रद्धा, आस्था व उत्साह के साथ मनाई गई। मुख्य आयोजन डालमिया चीनी मिल जवाहरपुर इकाई के कार्यशाला परिसर में हुआ। जहां चीनी मिल के सहायक अधिशासी निदेशक टीएन सिंह व इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख मनीष जैन की ओर से हवन-पूजन का अनुष्ठान पूरा कराया गया।

इस अवसर पर मिल के अधिकारियों व कर्मचारियों ने आगामी नये 2019-20 गन्ना पेराई सत्र में विघ्न-बाधा रहित मिल संचालन हेतु भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर प्रार्थना की। इस दौरान मिल हाउस, स्विच यार्ड स्थित विश्वकर्मा मंदिर, वर्कशॉप, इंस्ट्रूमेंट, डिस्टिलरी, पवार प्लांट व उत्पादन, गन्ना सेक्शन के अलावा ब्रह्म बाबा स्थान पर भी कामगारों ने अपने देवता का श्रद्धापूर्वक पूजन किया। पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया।

इस मौके पर इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख मनीष जैन, सुधीर कुमार वर्मा, जीबी यादव, आशीष बंसल, रत्नेश झा, पंकज, मनीष, एसके सिंह एवं इकाई कर्मचारी आदि शामिल हुए।

इसी क्रम में लोधौरा स्थित विश्वकर्मा मंदिर, थानापरिसर, दामोदरपुर स्थित संजय नमकीन व रामकोट के बिजली उपकेंद्र के अलावा भवानीपुर स्थित पावर सब स्टेशन, विभिन्न राईस मिलों, रेलवे स्टेशन, मोटर-पार्ट्स की दुकानों, गैराजों सहित खूबपुर स्थित विश्वकर्मा मंदिर में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित हुए।

उधर संदना क्षेत्र के डालमिया चीनी मिल इकाई परिसर में यूनिट हेड आगा आसिफ बेग की और से विश्वकर्मा पूजन व हवन का कार्यक्रम संपन्न कराया गया। जहां चीनी मिल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा को श्रद्थापूर्वक नमन किया।

Leave a comment