अयोध्या: आज गांधी पार्क निकट बस स्टैंड अयोध्या पर प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन के पदाधिकारियों व शिक्षकों की बैठक की गयी। जिसमें मुख्य रूप से बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों पर विभाग एवं सरकार द्वारा आये दिन हो रहे नए-नए प्रयोगों पर विशेष रोष व्यक्त किया गया। साथ ही बैठक को प्रांतीय संयोजक पंकज यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक का स्थान समाज में सबसे ऊपर है और शिक्षकों ने देश और प्रदेश को इस मुकाम तक पहुंचाया है कि विश्व मे हमारे देश की अलग पहचान बनी है। जिसमें हम शिक्षकों का विशेष योगदान है। पर सरकार ने हम शिक्षकों की उपस्थिति के लिए आगामी 5 सितम्बर से प्रेरणा सेल्फी ऐप लागू करने जा रही है जिसमें प्रतिदिन विद्यालय समय मे तीन बार पूरे स्टाफ व बच्चों के साथ सेल्फी भेजनी है। इस सेल्फी ऐप से हमारी निजता प्रभावित हो रही है। इस ऐप से शिक्षिकाएं अपने आप को इस आधुनिक युग मे असुरक्षित महसूस कर रही हैं। सेल्फी ऐप कंपनी भी ये कह रही है कि हम आपको प्रेरणा एप से सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकते क्योंकि शिक्षकों द्वारा डाली गई फोटोज सिर्फ सेकंड पार्टी ही नहीं बल्कि ये सब किसी तीसरे के पास भी जाएगी। इसलिए हम शिक्षक इस ऐप का विरोध करते हैं। महामंत्री डॉ विवेक चौधरी ने कहा कि इस ऐप से सूचना मांगी जाए तो ठीक पर सेल्फी भेजने की व्यवस्था अव्यवहारिक है इसकी जगह अन्य विभागों की तरह बायोमेट्रिक सिस्टम लाया जा सकता है।
अध्यक्ष श्याम जी वर्मा ने कहा कि यदि सरकार द्वारा हमारी बातों का संज्ञान नहीं लिया जाता है तो हम आंदोलन या फिर कोर्ट का रास्ता अपनाएंगे।
बैठक में संजय पांडेय, राजेश यादव, राजीव सिंह, देवेश पांडेय, अरविंद यादव, आकाश मेहरोत्रा, जगदीश कोरी, दयाशंकर भारती आदि शिक्षक उपस्थित रहे।
