देना की छात्राओं ने बनाई रंग-बिरंगी राखी, छात्रों ने सीखे खेल-कूद के तरीके

सीतापुर: विकास खण्ड परसेण्डी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय देना में अद्ययनरत छात्र-छात्राएं शिक्षण के साथ-साथ नित नई-नई गतिविधियाँ सीख रहे हैं। विद्यालय स्टाफ की मेहनत न सिर्फ बच्चों को बेहतर तालीम दे रहा है बल्कि उनमें अन्य गतिविधियों का संचार कर आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दे रहा है।

आज शनिवार को एक बार फिर विद्यालय में विभिन्न गतिविधियाँ छात्र-छात्राओं के मध्य आयोजित कराई गई। रक्षा बंधन का त्योहार नज़दीक होने के दृष्टिगत छात्राओं ने अपने-अपने ग्रुप में शामिल सदस्यों के सहयोग से राखियाँ बनाई, यह राखी रक्षा बन्धन के अवसर पर विद्यालय के छात्रों को बांधी जाएंगी। विद्यालय प्रभारी खुशतर रहमान खां ने बताया कि विद्यालय का शैक्षिक माहौल दिन ओ दिन उन्नति कर रहा है। शैक्षिक गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है। बच्चे प्रतिदिन स्कूल आते रहे और पढ़ाई के साथ-साथ अपनी पसन्द के मुताबिक गतिविधियों में पारांगत होते रहे इसी उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को रुचिपूर्ण गतिविधियां बच्चों से कराई जा रही है। जिनमे उन्हें आनन्द की अनुभूति भी होती है और वे खेल-खेल में बहुत कुछ सीख रहे हैं।

स्कूल की छात्राओं ने राखियाँ बनाकर रक्षा बन्धन की तैयारी की है तो छात्रों ने फुटबॉल और क्रिकेट खेल कर खुद को निखारने का प्रयास किया है। इसके अलावा स्मार्ट क्लास में शिक्षाप्रद कार्टून फ़िल्म और फुटबाल मैच दिखाकर उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी गई है।

पूर्व माध्यमिक विद्यालय देना में आयोजित होने वाली गतिविधियों में कुल 116 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया जिनमें 64 छात्र और 52 छात्रएं सम्मिलित हुए। विद्यालय की कक्षा 6, 7 एवम 8 में कुल नामांकित बच्चों की संख्या 142 है।

खुशतर रहमान ने बताया कि विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। राखी तैयार करने वाले सभी ग्रुप्स की समीक्षा उपरान्त सबसे बेहतर राखी बनाने वाले ग्रुप के सभी सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा।

Leave a comment