विद्यालय मंदिर समान है जहाँ राष्ट्र के धरोहर बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा देकर उन्नत समाज की नींव रक्खी जाती है।- अशोक यादव

यूनिफार्म पाकर खिल उठे नौनिहाल

सीतापुर:  ब्लॉक परसेण्डी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय देना में पधारे मुख्य अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी अशोक यादव ने 43 छात्र और 33 छात्राओं को यूनिफार्म का वितरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि विद्यालय मंदिर समान है जहाँ राष्ट्र के धरोहर बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा देकर उन्नत समाज की नींव रक्खी जाती है। यूनिफार्म एक जैसी होने से बच्चों में उत्साह और बराबरी का जज़्बा पैदा होता है। शिक्षा ऐसा मंत्र है जो इंसान को सदैव आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान देना राम भरोसे ने की उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय के शैक्षिक माहौल की सराहना की। विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष भवानी प्रसाद ने कहा कि सरकार शिक्षा के प्रति जो प्रयास कर रही है वह समाज उत्थान के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

एसएमसी सदस्य इतवारी लाल ने कहा कि शिक्षा के मामले में देना गांव दिनोदिन आगे बढ़ रहा है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय देना का पूरा स्टाफ शैक्षिक माहौल सुदृन्ह करने हेतु बधाई का पात्र है।

प्रधानाध्यापक खुशतर रहमान ने इस बात पर चिन्ता व्यक्त की कि शिक्षकों की कोशिश के बावजूद क्षेत्र के कुछ ग्रामीण शिक्षा के प्रति लापरवाह बने हुए हैं। बार-बार प्रयास के बाद भी उनके बच्चे स्कूल नही आ रहे। उन्होंने ग्राम प्रधान और एसएमसी सदस्यों से इस दिशा में सहयोग की अपील की है।

यूनिफार्म वितरण के मौके पर विद्यालय में पंजीकृत 119 बच्चों के सापेक्ष 88 बच्चे उपस्थित थे जिनमें से 43 बालक और 33 बालिकाओं को यूनिफार्म का वितरण किया गया। शेष बालक बालिकाओं को शीघ्र ही यूनिफार्म उपलब्ध करा दी जाएगी।

यूनिफार्म वितरण समारोह में परवेज़ अख्तर अय्यूबी, किरन अवस्थी, कामनी राजवंशी, नीलम और प्रीतीपाल आदि उपस्थित रहे।

रिपोर्ट- अनुपमा सिंह यादव

Leave a comment