अधिकारियों की टीम ने किया मौका मुआयना, शासन को भेजी रिपोर्ट
पीट फायर का मामला बताकर नुकसान बचाने का प्रयास शुरु
लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी क्षेत्र में धधक रही जमीन के मामले में तीन सदस्यीय अधिकारियों की टीम ने मौके पर जांच करके एक संयुक्त जांच रिपोर्ट शासन को भेजी है। इसमें इसे पीट फायर का मामला बताते हुए कहा गया है कि नुकसान को बचाने की कार्रवाई शुरु कर दी गई है।
मालूम हो कि मोहम्मदी क्षेत्र के वन क्षेत्र बेलापहाड़ा के निकट ग्राम दुलहापुर में कुछ दिन पहले करीब दो बीघे जमीन के नीचे धुंआ व आग निकलती देखकर इलाकावासियों में कौतूहल बना हुआ था।

इस मामले में डीएम के निर्देश पर एसडीएम स्वाती शुक्ला, तहसीलदार विकासधर दुबे व उप प्रभागीय वनाधिकारी लखीमपुर की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की है। शासन को भेजी गई रिपोर्ट में कहा गया है कि यह क्षेत्र कभी नदी का कटाव क्षेत्र रहा है, नदी की धारा परिवर्तन के उपरांत खाली क्षेत्र में जंगल का मलबा बरसात में बहकर इकट्ठा होने से क्षेत्र मलबे से पट गया। कई वर्ष से चल रही इस प्रक्रिया के कारण तापमान बढ़ने से नीचे का मलबा धधकने लगा।

खुदाई करने पर यह जमीन के करीब दो मीटर नीचे तक सुलगता पाया गया है। ऐसी स्थिति पीट फायर होती है,जमीन पर कुछ जगह दरार पड़ने से हुए छिद्रोें से गैस बाहर निकल रही है। वहां जली पाई गई मिट्टी काफी ठंडी है और मौके पर दो हेक्टेयर जमीन इससे प्रभावित है,पीट फायर आगे न बढे़ और वन क्षेत्र को नुकसान न पहुंचे इसलिए सावधानी के तौर पर प्रभावित क्षेत्र के 20 मीटर की दूरी परिधि में खाई खुदवाने का काम प्रारंभ कर दिया गया है। साथ ही प्रभावी क्षेत्र को जन सामान्य के लिए बंद कर सरकारी कर्मियों की ड्यूटी लगाकर रोजाना की रिपोर्ट देंगे।
रिपोर्ट- हरिओम कश्यप
