रिपोर्ट- हाशमी अंसारी
सीतापुर- शहर कोतवाली क्षेत्र में उजागर लाल कालेज के पास खड़े एक युवक को स्कूटी सवार सशस्त्र बदमाशों ने गोली मार दी। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसपी मधुबन सिंह व सीओ योगेंद्र सिंह कर रहे जांच।

भाई ने भाई को मारी गोली, भाई की हुई मौत
शहर कोतवाली इलाके में देर शाम एक व्यक्ति की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में सनसनी फैल गयी। हत्या का कारण मृतक का भाई से सम्पत्ति विवाद होना बताया जा रहा है। मृतक की पत्नी ने देवर पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार शहर के मन्नी चौराहा स्थित जनता स्कूल के पीछे जोगी टोला में रहने वाले सादिक उर्फ पप्पू उम्र लगभग 50 वर्ष पुत्र गुलाम नबी का अपने सगे छोटे भाई शनी से मकान को लेकर विवाद था। जिसको लेकर आये दिन दोनों भाइयों के बीच झगड़ा होता रहता था। शुक्रवार की देर शाम सादिक अपनी बाइक के साथ उजागर लाल इंटर कालेज से जीआईसी जाने वाले मार्ग पर खड़ा था। इसी बीच स्कूटी सवार युवकों ने उसके पास जाकर उसके मुंह व शरीर पर कई गोलियां दाग दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस सादिक को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। वहां चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचकर मृतक की पत्नी महजबी ने अपने सगे देवर शनी पर हत्या करने व देवर शकील की मिलीभगत होने का आरोप लगाया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही एएसपी मधुबन कुमार सिंह, सीओ सिटी योगेंद्र सिंह व शहर कोतवाल अम्बर सिंह भारी संख्या में पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
